नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित अजय ढाबा के समीप रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), असम से 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हुए 60 वर्षीय शंकर कुमार की मौत हो गई। हादसे में उनकी 25 वर्षीय बेटी डॉ. शालू कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Total Downloads: 78
जानकारी के अनुसार, शंकर कुमार अपने ससुर के दशकर्म में शामिल होने के लिए परिवार के साथ महादेवपुर जा रहे थे। परिवार दो वाहनों में सफर कर रहा था। आगे चल रही बोलेरो में उनकी पत्नी और पुत्र सवार थे, जबकि शंकर कुमार स्वयं होंडा सिटी कार चला रहे थे। उनके साथ उनकी बेटी डॉ. शालू कुमारी भी थीं, जो एमएस की पढ़ाई कर रही हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कोहिनूर बस ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शंकर कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनकी बेटी कार के भीतर फंस गईं।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त कार से डॉ. शालू कुमारी को बाहर निकाला और नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया था।
नवगछिया ट्रैफिक थाना प्रभारी सुजीत कुमार वारसी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
