नवगछिया: गोपालपुर थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक युवक को लोडेड देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
Total Downloads: 87
पुलिस के अनुसार, बुधवार को गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोसाईगांव चौक के पास नियमित वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
गिरफ्तार युवक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के पचगछिया निवासी संजय मंडल, पिता कोको मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।

इस संबंध में गोपालपुर थाना में कांड संख्या 271/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में दो अन्य नामजद आरोपियों को भी अभियुक्त बनाया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गोपालपुर थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि वाहन जांच के दौरान आरोपी अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया। उससे पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त संदेश जाएगा और अपराध नियंत्रण अभियान को मजबूती मिलेगी
