नवगछिया: गोपालपुर प्रखंड के तिनटंगा करारी-नवगछिया PWD सड़क की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है। मुख्य मार्ग पर एक दर्जन से अधिक बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ गया है।
Total Downloads: 100
जर्जर सड़क के कारण टोटो, बाइक और साइकिल सवार आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर तेज रफ्तार और ओवरलोडेड हाइवा के लगातार परिचालन से सड़क कई जगह धंस गई है।
हाइवा के दबाव से टूट रही PWD सड़क
ग्रामीणों का कहना है कि गंगा नदी क्षेत्र में चल रहे कटाव निरोधी कार्यों और विक्रमशिला सेतु संपर्क मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण तिनटंगा करारी-नवगछिया सड़क पर अत्यधिक दबाव पड़ रहा है।

ओवरलोडेड हाइवा के लगातार गुजरने से सड़क जगह-जगह टूटने और धंसने लगी है। इसके बाद बारिश ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और अचानक वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं।
इन जगहों पर सबसे ज्यादा परेशानी
तिनटंगा करारी, गोपालपुर पेट्रोल पंप के समीप, लत्तीपाकर और चपरघाट मोड़ के आसपास सड़क की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। इन स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को बेहद धीमी गति से गुजरना पड़ता है।
स्थानीय ग्रामीण मुकेश कुमार, उदय, नवीन सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन टोटो और दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। कई यात्री चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार समस्या की जानकारी देने के बावजूद PWD की ओर से गड्ढों की भराई या सड़क मरम्मत के लिए ठोस पहल नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों और राहगीरों ने जिला प्रशासन एवं पथ निर्माण विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढों को नहीं भरा गया और सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो किसी दिन बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि विभाग ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो सड़क की बदहाली के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
