नवगछिया (भागलपुर)। कटिहार-बरौनी रेलखंड पर लगातार दो घटनाओं ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कटिहार से सेमापुर के बीच बरौनी की ओर जा रही एक मालगाड़ी के इंजन पर एक व्यक्ति ने पथराव कर दिया। वहीं, दूसरी घटना में चलती अवध असम एक्सप्रेस से गिरकर 26 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई।

मालगाड़ी के इंजन पर किया पथराव

जानकारी के अनुसार कटिहार से सेमापुर रेलवे स्टेशन के बीच बरौनी की ओर जा रही मालगाड़ी के इंजन को एक व्यक्ति ने अचानक निशाना बनाते हुए पत्थर मार दिया। पथराव में लोको पायलट बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलने के बाद नवगछिया आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

आरपीएफ ने इलाके में पथराव करने वाले व्यक्ति की तलाश भी शुरू कर दी। रेलवे ट्रेनों पर पथराव की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है।

RPF आउटपोस्ट में सुरक्षा सम्मेलन

घटना के बाद नवगछिया आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी के नेतृत्व में आरपीएफ आउटपोस्ट सेमापुर में सुरक्षा सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें जवानों को ट्रेनों पर पथराव की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा अकारण चेन पुलिंग (ACP) करने वालों के खिलाफ कार्रवाई, रेल संपत्ति की चोरी (TOPB), नशाखोरी और जहरखुरानी के मामलों पर निगरानी बढ़ाने तथा शराब तस्करी रोकने को लेकर भी जवानों को निर्देश दिए गए।

आरपीएफ अधिकारियों ने जवानों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने, यात्रियों के साथ उचित व्यवहार करने और किसी भी तरह के भ्रष्टाचार से दूर रहने की हिदायत दी। सोशल मीडिया के इस्तेमाल में भी संयम बरतने को कहा गया, ताकि बल की छवि प्रभावित न हो।

अवध असम एक्सप्रेस से गिरा युवक, इलाज के दौरान मौत

दूसरी घटना बरौनी-कटिहार रेलखंड पर हुई। लालगढ़ से डिब्रूगढ़ जा रही अवध असम एक्सप्रेस से गिरकर एक करीब 26 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

नवगछिया जीआरपी थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर आरपीएफ और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल रंगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।

छपरा से सिलीगुड़ी का टिकट मिला

मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उसके पास से छपरा से सिलीगुड़ी का रेल टिकट मिला है। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पहचान के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखा है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के रेल मंडलों और संबंधित थानों को भी सूचना भेजी गई है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक ट्रेन से किस परिस्थिति में गिरा। पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *