नवगछिया। परबत्ता थाना क्षेत्र के खगड़ा निवासी पवन झा ने नगरह निवासी अधिवक्ता संजीव कुमार सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है। पवन झा का आरोप है कि संजीव कुमार सिंह ने खुद को सुप्रीम कोर्ट का वकील बताकर उनके रिश्तेदार संजीत कुमार झा का मामला लड़ने के नाम पर उनसे 2.80 लाख रुपये लिए थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, यह राशि अक्टूबर 2024 में यूपीआई और नकद के माध्यम से दी गई थी।
Total Downloads: 119
छह महीने बाद मांगी रकम तो धमकी देने का आरोप
पवन झा के अनुसार, करीब छह महीने तक मामले में कोई प्रगति नहीं होने पर उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इसके बाद संजीव कुमार सिंह ने कथित तौर पर सुप्रीम कोर्ट का वकील होने का रौब दिखाते हुए उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी।
मामले को लेकर पवन झा ने 19 मार्च 2025 को परबत्ता थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें कांड संख्या 49/25 के तहत बीएनएस की धारा 316(2)/318(4) में मामला दर्ज किया गया है।

केस वापस लेने के लिए धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से संजीव कुमार सिंह लगातार उन पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और धमकी दे रहे हैं। पवन झा ने यह भी आरोप लगाया कि संजीव कुमार सिंह अपनी ईमेल आईडी से बिहार के डीजीपी, आईजी, डीआईजी, डीएम, एसएसपी भागलपुर, एसपी और डीएसपी नवगछिया समेत अन्य अधिकारियों को उनके खिलाफ गलत और भ्रामक शिकायतें भेज रहे हैं।
पवन झा ने अपनी जान को खतरा बताते हुए आशंका जताई है कि उन्हें किसी झूठे मुकदमे में फंसाया जा सकता है या उनके साथ कोई गंभीर घटना हो सकती है। उन्होंने वरीय पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने, कथित धमकी और झूठी शिकायतों पर कार्रवाई करने तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
अधिवक्ता ने आरोपों को बताया गलत
इधर, अधिवक्ता संजीव कुमार सिंह ने पवन झा की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। मामले में नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है।
