नवगछिया। सैदपुर दुर्गा मंदिर को बाढ़ और कटाव से बचाने के लिए ग्रामीण कार्य विभाग ने सुरक्षात्मक कार्य शुरू कर दिया है। मंदिर के समीप कटाव प्रभावित क्षेत्र में बंबू पाइलिंग कराई जा रही है। मंदिर की सुरक्षा को लेकर लगातार उठ रही मांगों और खबरों के बाद विभाग की ओर से यह पहल की गई है।
Total Downloads: 119
ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता ई. रविंद्र शर्मा ने हाल ही में क्षतिग्रस्त सड़क और मंदिर के समीप कटावग्रस्त स्थल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर ही मापी कराई और मंदिर की तत्काल सुरक्षा के लिए बंबू पाइलिंग शुरू करने का निर्देश दिया था। इसके बाद सुरक्षात्मक कार्य शुरू कर दिया गया।
कार्यपालक अभियंता ई. रविंद्र शर्मा ने बताया कि बाढ़ और बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद क्षतिग्रस्त सड़क के पुनर्निर्माण और दुर्गा मंदिर के स्थायी बचाव कार्य के लिए नया प्राक्कलन तैयार किया जाएगा। प्राक्कलन के आधार पर आगे आवश्यक स्थायी कार्य कराए जाएंगे।

सुरक्षात्मक कार्य शुरू होने की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कार्य शुरू होने पर संतोष जताते हुए कहा कि इससे मंदिर और आसपास के इलाके को तत्काल कटाव से राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, कुछ ग्रामीणों ने बंबू पाइलिंग की गुणवत्ता और इसकी स्थायित्व को लेकर सवाल भी उठाए हैं। ग्रामीण राघव झा ने कहा कि उनके अनुसार यह कार्य महज खानापूर्ति है, जबकि मंदिर और आसपास के क्षेत्र को बचाने के लिए ठोस एवं स्थायी समाधान की जरूरत है।
फिलहाल बंबू पाइलिंग के जरिए मंदिर को तत्काल कटाव से बचाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थायी बचाव कार्य के लिए बरसात के बाद तैयार होने वाले नए प्राक्कलन पर ग्रामीणों की नजर है।
