नवगछिया। गुरुवार रात अज्ञात अपराधियों ने राहुल नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। शुक्रवार को उनके अंतिम संस्कार के दौरान बेहद मार्मिक दृश्य सामने आया, जब महज चार वर्षीय बेटे अंकित कुमार ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। मासूम बेटे को पिता की चिता को अग्नि देते देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
Total Downloads: 120
जानकारी के अनुसार, राहुल की पीठ में गोली मारी गई थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहुल अपने पीछे पत्नी विभा देवी, चार वर्षीय बेटा अंकित कुमार और छह वर्षीय बेटी रोहिणी को छोड़ गए हैं। राहुल की मां चंचल देवी का भी बेटे की मौत के बाद रो-रोकर बुरा हाल है।
‘मम्मी, पापा को जला दिया…’
पिता को अंतिम विदाई देने के बाद मासूम अंकित जब घर पहुंचा तो उसने अपनी मां विभा देवी से रोते हुए कहा, “मम्मी, पापा को जला दिया।” बेटे के मुंह से यह बात सुनते ही मां फफक-फफक कर रो पड़ीं। इस दर्दनाक दृश्य ने पूरे परिवार और आसपास मौजूद लोगों को झकझोर दिया।

10 साल पुराने पैसों के विवाद का जिक्र
परिजनों के अनुसार करीब 10 वर्ष पहले राहुल के परिवार और आशीष सिंह के परिवार के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। करीब एक महीने पहले इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच फिर से बहस हुई थी। बताया जा रहा है कि विवाद करीब 25 हजार रुपये के लेनदेन से जुड़ा था।
हालांकि, राहुल के परिजनों ने फिलहाल किसी व्यक्ति पर सीधे तौर पर हत्या का आरोप नहीं लगाया है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हत्या के पीछे पुराना विवाद था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर परिजनों ने उठाए सवाल
राहुल के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हत्या के बाद अगली सुबह तक पुलिस की ओर से कोई उनके पास नहीं पहुंचा। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे रहे, लेकिन पुलिस की ओर से किसी ने हालचाल नहीं लिया।
परिजनों के मुताबिक दाह-संस्कार के बाद परिवार के लोग आपस में विचार-विमर्श कर पुलिस को आवेदन देंगे और मामले में आगे की कार्रवाई की मांग करेंगे।
राहुल की हत्या से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पत्नी ने अपना पति, मां ने अपना बेटा और दो मासूम बच्चों ने अपने सिर से पिता का साया खो दिया। अब पुलिस जांच से ही हत्या की असली वजह और घटना में शामिल अपराधियों का पता चल सकेगा।
