नवगछिया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की नवगछिया जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष प्रवीण भगत के आवास पर आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र में कथित धर्मांतरण की गतिविधियों को लेकर चिंता जताई गई। संगठन के पदाधिकारियों ने ऐसे मामलों की जानकारी जुटाने और तथ्य सामने आने पर कानूनी एवं लोकतांत्रिक तरीके से कार्रवाई की रणनीति पर चर्चा की।
Total Downloads: 153
बैठक में विहिप पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ मिशनरियों द्वारा कथित रूप से प्रलोभन देने तथा हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में भ्रामक प्रचार के जरिए लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। संगठन ने इन आरोपों की जांच कराने और तथ्य सही पाए जाने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की।
संगठन मंत्री गगन जी ने दावा किया कि संगठन को क्षेत्र के कुछ युवकों को विदेशों से कथित फंडिंग मिलने और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि इन आरोपों की जांच के बाद यदि तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने सहित कानूनी कार्रवाई की पहल की जाएगी। बैठक में धर्म परिवर्तन के बाद आरक्षण का लाभ लेने से जुड़े आरोपों की भी जांच की मांग उठाई गई।

विहिप जिलाध्यक्ष प्रवीण भगत ने कहा कि भारत के संविधान के तहत प्रत्येक व्यक्ति को अपनी आस्था का पालन करने तथा अपने धर्म का प्रचार-प्रसार करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि विहिप किसी व्यक्ति के धार्मिक अधिकार का विरोध नहीं करती और न ही किसी धर्म के प्रति घृणा का भाव रखती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि लालच, भय, दबाव या धोखे के माध्यम से धर्मांतरण के प्रयासों का संगठन लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से विरोध करेगा।
बैठक में धर्मांतरण से जुड़े मामलों को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाने और आगे की रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में 8 सितंबर 2026 को टिनटेंगा करारी में विशेष बैठक आयोजित करने की घोषणा की गई।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद, पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पाण्डेय, जिला मंत्री बासुकी मंडल, श्रीकांत यादव, कुणाल गुप्ता, दीपक भगत, बिजेंद्र शर्मा, रंजीत झा, सुभाष चौधरी, लक्षण साहू, राजकिशोर आर्य सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
