नवगछिया में खाटू श्याम मंदिर निर्माण का भूमि पूजन, निशान शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु

नवगछिया। देवउठनी एकादशी और बाबा खाटू श्याम के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शुक्रवार को नवगछिया में श्री खाटू श्याम मंदिर निर्माण के लिए विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया। श्री श्याम भक्त मंडल न्यास की ओर से मारवाड़ी विवाह भवन के पिछले हिस्से में भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर पूरा शहर बाबा श्याम की भक्ति और जयकारों से भक्तिमय हो गया।

📲 Download Naugachia News App

Total Downloads: 542

भूमि पूजन के साथ ही श्री श्याम उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर श्री गोपाल गौशाला से बाबा श्याम की भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा मेन रोड, हड़िया पट्टी, महाराज जी चौक और गरीबदास ठाकुरबाड़ी रोड होते हुए मारवाड़ी विवाह भवन पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारे लगाते रहे। विवाह भवन पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में निशान अर्पित किए।

सुबह से ही मारवाड़ी विवाह भवन में बाबा श्याम की ज्योत प्रज्वलित की गई थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ज्योत लेकर पूजा-अर्चना की और उत्सव में भाग लिया। रात में केक काटकर बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच टॉफी, खिलौने और मिठाइयां वितरित की गईं। विवाह भवन के सामने आकर्षक आतिशबाजी भी की गई।

भजनों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु

जन्मोत्सव के मौके पर आयोजित भजन कार्यक्रम में श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में झूमते रहे। भजन गायकों ने ‘नाचो गाओ खुशी मनाओ, आया जन्मदिन मेरे श्याम धनी का’ और ‘मेरी गाड़ी मेरा बंगला सब तेरे हवाले बाबा श्याम, मेरा तो कुछ भी नहीं सब तेरा सांवरिया सेठ’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

भूमि पूजन श्री श्याम भक्त मंडल न्यास के संरक्षक पवन सर्राफ, अजय रुंगटा, राम प्रकाश रुंगटा, दयाराम चौधरी और अशोक केजरीवाल ने विधि-विधान से किया।

मौके पर न्यास के अध्यक्ष सुभाष चंद वर्मा, सचिव मनोज चौधरी, कोषाध्यक्ष प्रदीप डोकानियां और मीडिया प्रभारी अशोक केडिया सहित न्यास के सभी सदस्य और महिला सदस्य मौजूद रहे। नगर के कई गणमान्य लोगों ने भी आयोजन में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद लिया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *