नवगछिया। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, नगरपारा में गुरुवार और शुक्रवार को वार्षिक शैक्षणिक अंकेक्षण किया गया। नवोदय विद्यालय समिति, पटना संभाग के सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार चौधरी सहित निरीक्षण दल के अन्य अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण दल में जवाहर नवोदय विद्यालय कटिहार के प्राचार्य डॉ. हरेराम कुमार, जवाहर नवोदय विद्यालय बांका के प्राचार्य एस.के. पाण्डेय तथा डीएलएड कॉलेज नगरपारा के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार शामिल थे।

वार्षिक शैक्षणिक अंकेक्षण के दौरान विद्यालय के पूरे वर्ष के प्रदर्शन, उपलब्धियों और कमियों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य शिक्षण व्यवस्था में नई तकनीकों का उपयोग बढ़ाना, कार्य दक्षता में सुधार करना तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों को और बेहतर बनाना है। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार चौधरी ने विद्यालय के पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, खेलकूद गतिविधियों, आर्ट गैलरी, प्रयोगशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से बालिका बैंड टीम के प्रदर्शन की प्रशंसा की।

निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त ने बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं, दिव्यांग बच्चों तथा विद्यालय के कर्मचारियों के साथ अलग-अलग बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना और आवश्यक सुझाव व समाधान बताए। उन्होंने बेहतर परीक्षा परिणाम और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के साथ उपयोगी टिप्स भी साझा किए।

स्थानीय प्राचार्य संजय कुमार चौधरी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर कुसुम कुमारी और प्रेरणा कुमारी के नेतृत्व में बालिका बैंड टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसने निरीक्षण दल सहित सभी अतिथियों को प्रभावित किया। कार्यक्रम और निरीक्षण को सफल बनाने में विद्यालय परिवार का सहयोग सराहनीय रहा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *