नवगछिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और राष्ट्र समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा नवगछिया जिला इकाई की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान जिले के सभी मंडलों, पंचायतों और बूथ स्तर तक सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Total Downloads: 217
अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा नवगछिया जिला इकाई की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद ने की, जबकि भाजपा प्रदेश मंत्री सुनील राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मनोज कुमार पाण्डेय और बासुकी कुमार मंडल कार्यशाला के सह-संयोजक रहे।
गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचेगा अभियान
प्रदेश मंत्री सुनील राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा पूर्ण होने के अवसर पर पूरे जिले में एक महीने तक सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने की अपील की।

अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी: जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान (सरकार आपके द्वार)’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ’ सहित 13 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील
भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद ने कार्यकर्ताओं से अभियान के सभी कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यशाला में पूर्व सांसद प्रो. अनिल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध सिंह कुशवाहा, निवर्तमान जिलाध्यक्ष बिनोद कुमार मंडल, जिला महामंत्री संजय शर्मा और नीतेश कुमार दास मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष अजित कुमार सिंह एवं नंदनी सरकार, जिला प्रवक्ता कौशल जायसवाल, जिला मंत्री रवि कुमार रंजन एवं शंभू ठाकुर, रुपेश रूप, कार्यालय मंत्री राजेश झा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दुर्गेश सिंह कुशवाहा, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक सिंह, मंडल अध्यक्ष रंजीत झा एवं बबलू चौधरी, नगर अध्यक्ष दीपक भगत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
