नवगछिया। नवगछिया प्रखंड की ढोलबज्जा पंचायत में बाढ़ का पानी लगातार बढ़ने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। पंचायत के वार्ड नंबर 8, 11, 12 और 13 में बाढ़ का पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया है। कई परिवारों के सामने आवागमन, भोजन-पानी और घरेलू सामान को सुरक्षित रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।
Total Downloads: 226
घरों में घुसा पानी, रोजमर्रा का काम प्रभावित
ग्रामीण मुक्ति राय, बिंदेश्वरी राय और विपिन राय ने बताया कि पहले बाढ़ का पानी घरों के आसपास जमा था, लेकिन अब पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया है। पानी बढ़ने के कारण लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है।
घरों में पानी प्रवेश करने से लोग अपने जरूरी सामान को ऊंचे स्थानों पर रखने को मजबूर हैं। वहीं, खाना बनाने, पीने के पानी की व्यवस्था और अन्य घरेलू कार्यों में भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों को आशंका है कि जलस्तर में और वृद्धि हुई तो कई घर पूरी तरह पानी से घिर सकते हैं।

नाव और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग
बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित वार्डों में तत्काल नाव, राहत सामग्री, पीने का पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने जलजमाव वाले इलाकों से पानी निकालने के लिए जलनिकासी की व्यवस्था कराने की भी अपील की है।
ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ का पानी लगातार बढ़ रहा है। यदि समय रहते राहत और बचाव की व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
