नवगछिया। विक्रमशिला सेतु के आगामी दिनों में बंद होने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में मरीजों के बढ़ने वाले दबाव से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को भागलपुर के सिविल सर्जन अशोक प्रसाद ने अंजनी कुमार मिश्रा के साथ नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया।
Total Downloads: 292
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था, भर्ती मरीजों को मिल रही सुविधाओं और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के इलाज में किसी तरह की बाधा नहीं होनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण टीम ने फैब्रिकेटेड अस्पताल में संचालित लेबर वार्ड की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इसके अलावा ओपीडी में लागू टोकन सिस्टम और मरीजों के इलाज की प्रक्रिया की जानकारी ली गई।

टीम ने पैथोलॉजी विभाग में उपलब्ध जांच सुविधाओं और जांच किट के स्टॉक की भी जांच की। वहीं, दवा भंडार में विभिन्न आवश्यक दवाओं और मेडिकल सामग्री की उपलब्धता का जायजा लिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की इस तैयारी का उद्देश्य विक्रमशिला सेतु बंद होने की स्थिति में मरीजों के आवागमन और अस्पतालों पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू बनाए रखना है। विभाग ने अस्पताल प्रशासन को आपात परिस्थितियों के लिए जरूरी संसाधनों और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है।
