नवगछिया। नगर परिषद क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। शहर से उठाए गए कचरे को डंपिंग यार्ड तक ले जाने के बजाय सड़क किनारे खुले में गिराए जाने का मामला सामने आया है। नवगछिया बस स्टैंड के पास संतोष धर्मकांटा के सामने दोपहर में नगर परिषद के कचरा वाहन से खुले में कचरा गिराए जाने की बात सामने आई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाके में नियमित रूप से कचरा फेंके जाने से आसपास गंदगी का ढेर जमा हो रहा है। कचरे से निकलने वाली दुर्गंध के कारण यात्रियों, दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने खुले में कचरा डंप किए जाने से संक्रमण और बीमारी फैलने की आशंका भी जताई है।

मामले की जानकारी मिलने पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं थी। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में नगर परिषद के कचरा वाहन द्वारा सड़क किनारे कचरा डंप किए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इधर, स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे कचरा गिराने पर तत्काल रोक लगाने और पहले से जमा कचरे को हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक और व्यस्त स्थान पर इस तरह कचरा डंप किए जाने से शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *