नवगछिया। कुर्सेला रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रविवार को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
Total Downloads: 341
आरपीएफ ने प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को जीआरपी के हवाले कर दिया। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और पहचान के लिए सुरक्षित रख दिया है।
आरपीएफ थाना प्रभारी मुन्ना कुमार ने बताया कि रेलवे ट्रैक से बरामद अज्ञात युवक के शव को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जीआरपी को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जीआरपी द्वारा की जा रही है।

वहीं, जीआरपी थाना प्रभारी नेहा कुमारी ने बताया कि शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पहचान कराने के उद्देश्य से शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा गया है। इस दौरान पुलिस आसपास के इलाकों में युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
हुलिए के आधार पर पहचान की कोशिश
पुलिस के अनुसार मृतक युवक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। युवक ने सिर पर हरे रंग का गमछा बांध रखा था। उसके गले में शंखी और हाथ में मठिया पहना हुआ था।
युवक ने लाल रंग की शर्ट और नीले रंग की जींस पहन रखी थी। पुलिस इन्हीं पहचान चिह्नों के आधार पर मृतक की पहचान कराने में जुटी है।
ट्रेन की चपेट में आने की आशंका
प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई होगी। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
जीआरपी ने घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में भी युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस हुलिए के युवक के लापता होने की जानकारी हो तो संबंधित थाना या जीआरपी से संपर्क करें, ताकि शव की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
