इस्माईलपुर-बिंदटोली में गंगा 31.90 मीटर पर, खतरे के निशान से 30 सेमी ऊपर; स्पर-7 पर भारी दबाव
नवगछिया। निज संवाददाता।
नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में गंगा और कोसी नदियों के जलस्तर में गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। इस्माईलपुर और राघोपुर में गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई, जबकि कोसी के कुछ बिंदुओं पर मामूली कमी के बावजूद तटबंधों पर नदी का दबाव बना हुआ है।
Total Downloads: 354
सबसे अधिक चिंता की स्थिति इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध पर बनी हुई है। यहां गंगा का जलस्तर पिछले 24 घंटे में 17 सेंटीमीटर बढ़कर 31.90 मीटर पहुंच गया है। यह खतरे के निशान 31.60 मीटर से 30 सेंटीमीटर ऊपर है। नदी का पानी स्पर संख्या-7 पर लगातार दबाव बनाए हुए है और तटबंध के निचले हिस्से यानी टो को छू रहा है।
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल कार्यालय, नवगछिया की ओर से जारी जलस्तर बुलेटिन के अनुसार सभी तटबंध फिलहाल सुरक्षित हैं और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है।

इस्माईलपुर-बिंदटोली में स्पर-7 पर भारी दबाव
इस्माईलपुर-बिंदटोली में गुरुवार सुबह 6 बजे गंगा का जलस्तर 31.90 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी स्तर 30.60 मीटर और खतरे का निशान 31.60 मीटर है, जबकि उच्चतम बाढ़ स्तर (HFL) 33.50 मीटर है।
स्पर संख्या-7 पर नदी का दबाव लगातार बना हुआ है। पानी तटबंध के टो तक पहुंच गया है। तकनीकी टीम स्पर और तटबंध की 24 घंटे निगरानी कर रही है।
राघोपुर में भी तेजी से बढ़ा गंगा का पानी
राघोपुर सबडिवीजन-2 में गंगा का जलस्तर 33.01 मीटर दर्ज किया गया। यहां खतरे का निशान 33.68 मीटर है। यानी पानी खतरे के निशान से अभी 67 सेंटीमीटर नीचे है।
हालांकि महज पांच घंटे में जलस्तर में 10 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध पर पानी का बहाव तटबंध के टो तक पहुंच गया है। विभाग के अनुसार बांध फिलहाल सुरक्षित है।
मदरौनी में कोसी का दबाव बरकरार
मदरौनी में कोसी नदी का जलस्तर 31.06 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 31.48 मीटर से 42 सेंटीमीटर नीचे है। पिछले 12 घंटे में यहां जलस्तर में 8 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है।
नदी का पानी तटबंध के निचले हिस्से तक पहुंच रहा है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्य जारी है।
जेबी चोरहर में दो सेंटीमीटर की कमी
जेबी चोरहर में कोसी का जलस्तर 31.32 मीटर दर्ज किया गया। यहां पिछले माप की तुलना में दो सेंटीमीटर की मामूली कमी आई है। खतरे का निशान 31.77 मीटर है।
नगरपारा तटबंध और बगजान जमींदारी बांध के विभिन्न संवेदनशील बिंदुओं पर नदी का पानी टो को छू रहा है। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अभियंताओं के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और तटबंध सुरक्षित हैं।
संवेदनशील तटबंधों पर फ्लड फाइटिंग सामग्री तैयार
जल संसाधन विभाग और बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, नवगछिया की ओर से संवेदनशील स्परों एवं तटबंधों पर रेत की बोरियां और बोल्डर क्रेट्स समेत पर्याप्त फ्लड फाइटिंग सामग्री उपलब्ध रखी गई है। गश्ती दल लगातार नदी के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
