नवगछिया में ट्रैफिक सुधार पर पुलिस का फोकस, नवरात्र में बढ़ेगी गश्त; नो-व्हीकल जोन पर विचार
नवगछिया। नगर परिषद क्षेत्र के शिव मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को पुलिस-पब्लिक बैठक आयोजित की गयी। एसपी वैभव शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, शारदीय नवरात्र के दौरान सुरक्षा, बाजार में पुलिस गश्त और नशे के खिलाफ कार्रवाई समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
Total Downloads: 354
एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि नगर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करना पुलिस की प्राथमिकता है। शारदीय नवरात्र को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। त्योहार के दौरान बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ायी जाएगी।
ई-रिक्शा और टोटो के लिए वन-वे व्यवस्था पर विचार
बैठक में शहर के बाजार क्षेत्र में ई-रिक्शा, ऑटो और टोटो के परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने पर विचार-विमर्श किया गया। त्योहार के दौरान बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने पर भी चर्चा हुई।

इसके अलावा सिटी कार्ट मॉल से ब्याहुत चौक और इंदु मेडिकल से महाराज जी चौक तक नो-व्हीकल जोन रखने के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने की बात कही गयी। इस व्यवस्था का उद्देश्य त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में पैदल श्रद्धालुओं और खरीदारों के आवागमन को सुगम बनाना है।
एसपी ने शहर के व्यवसायियों से अपील की कि नवरात्र के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
सूखा नशा रोकने के लिए सामूहिक सहयोग जरूरी
एसडीपीओ सायम रजा ने कहा कि नवगछिया में सूखे नशे के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग जरूरी है।
उन्होंने लोगों से नशे से जुड़े मामलों की जानकारी पुलिस को देने और युवाओं को नशे से दूर रखने में सहयोग करने की अपील की।
चारों एंट्री प्वाइंट पर पुलिस पिकेट की मांग
बैठक में शहर की विभिन्न समस्याओं को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने रखा। उन्होंने शहर के चारों प्रमुख एंट्री प्वाइंट पर पुलिस पिकेट स्थापित करने की मांग प्रमुखता से रखी, ताकि बाहर से आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ायी जा सके।
बैठक में ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार, थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, अंचलाधिकारी संतोष सुमन, इंस्पेक्टर चंद्रशेखर सिंह, महिला थानाध्यक्ष नीता कुमारी, एससी/एसटी थाना अध्यक्ष महेश लाल, विश्व हिन्दू परिषद् के जिलाधय्क्षप्रवीण भगत, पवन सर्राफ, अजय रूगंटा, लोजपा के बजरग पोद्दार, संतोष चौधरी, बिमल मावंडिया, मुकेश राणा, सुभाष चन्द्र वर्मा, श्रीधर शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद थे।
