भवानीपुर मां दक्षिणेश्वर काली मंदिर में काली पूजा की तैयारी शुरू, विश्वास झा दूसरी बार बने अध्यक्ष
प्रशांत कुमार उर्फ पिंटू यादव नौवीं बार चुने गए व्यवस्थापक, दो दिनों तक लगेगा भव्य मेला
Total Downloads: 442
नवगछिया। रंगरा प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर स्थित मां दक्षिणेश्वर काली मंदिर परिसर में शुक्रवार को काली पूजा के आयोजन को लेकर ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में पूजा की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से शिक्षाविद विश्वास झा को लगातार दूसरी बार पूजा समिति का अध्यक्ष चुना गया। वहीं, प्रशांत कुमार उर्फ पिंटू यादव को नौवीं बार व्यवस्थापक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के बाद अध्यक्ष विश्वास झा ने बताया कि मां दक्षिणेश्वर काली पूजा को लेकर तैयारियां विधिवत शुरू कर दी गई हैं। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए ग्रामीणों के सहयोग से विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और मेले के सुचारु संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि लक्ष्मी पूजा के दिन 8 अक्टूबर को देर रात मां काली की प्रतिमा को पिंडी पर विराजमान किया जाएगा। इसके बाद 9 और 10 अक्टूबर को दिनभर भव्य मेले का आयोजन होगा। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना है।
10 अक्टूबर की संध्या को पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। मंदिर परिसर में होने वाला यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र की आस्था और परंपरा से जुड़ा हुआ है।
बैठक में गोविंद यादव, उपेन्द्र पोद्दार, कैलाश यादव, रंजीत यादव, सुधीर यादव, सुबाली यादव, गुड्डू झा, अरविंद झा, सूरज झा, रामजी पोद्दार, मदन दास, त्रिपुरारी कुमार भारती सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी भाग लिया।
