नवगछिया में बनेगा बाबा श्याम का भव्य मंदिर, देवोत्थान एकादशी पर शुरू होगा निर्माण
नवगछिया में बाबा श्याम के भक्तों में उत्साह, 21 सदस्यीय दल ने खाटूधाम में की पूजा-अर्चना
Total Downloads: 442
नवगछिया। नवगछिया में बाबा श्याम के भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी है। श्याम भक्त मंडल की ओर से शहर में बाबा श्याम का मंदिर बनाया जाएगा। मंदिर निर्माण की शुरुआत देवोत्थान एकादशी के अवसर पर मारवाड़ी विवाह भवन के पीछे की जाएगी। मंदिर निर्माण को लेकर भक्तों में उत्साह का माहौल है और इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
मंदिर निर्माण कार्य शुरू होने से पहले बीते बुधवार को श्याम भक्त मंडल के 21 सदस्यीय दल ने राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटूधाम पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाई। इस दौरान सभी सदस्यों ने बाबा श्याम की पूजा-अर्चना कर मंदिर निर्माण कार्य निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की।

इस अवसर पर भक्त मंडल के सभी 21 सदस्यों ने संयुक्त रूप से 11 ईंटों का विधिवत पूजन किया। पूजित ईंटों को लेकर सभी सदस्य बाबा श्याम के दरबार पहुंचे और नवगछिया में प्रस्तावित मंदिर निर्माण के लिए बाबा से आशीर्वाद मांगा। भक्तों ने प्रार्थना की कि मंदिर निर्माण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो और शहर में बाबा श्याम का भव्य धाम स्थापित हो सके।
श्याम भक्त मंडल के सदस्य खाटूधाम से बाबा श्याम की ज्योत लेकर नवगछिया लौटेंगे। इसके बाद देवोत्थान एकादशी पर मंदिर निर्माण की शुरुआत की जाएगी। नवगछिया में बाबा श्याम का मंदिर बनने से स्थानीय श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और भक्ति के लिए एक नया धार्मिक स्थल मिलेगा।
