नवगछिया। सिमरा गांव में नाली निर्माण को लेकर हुए विवाद में वार्ड संख्या छह की सदस्य पूनम देवी के बेटे एवं प्रतिनिधि नीतीश कुमार को मारपीट कर घायल कर दिया गया। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में नीतीश कुमार की पत्नी ने गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पुलिस को आवेदन दिया है।
Total Downloads: 460
परिजनों के अनुसार, वार्ड संख्या छह में नाली का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति मौके पर पहुंचा और निर्माण कार्य रोकने को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने नीतीश कुमार के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
नीतीश की पत्नी ने आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति उनके परिवार को लगातार धमकी देता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में भी उनके पति पर गोली चलाई गई थी। ताजा घटना के बाद परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

इस संबंध में नवगछिया थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
