खरीक में गौरव कुमार मौत मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक तीन की गिरफ्तारी
नवगछिया। खरीक थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ी से बरामद गौरव कुमार के शव के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भागलपुर जिले के झंडापुर थाना क्षेत्र के नन्हकार जयरामपुर निवासी साजन चौधरी उर्फ संजन कुमार, पिता स्वर्गीय अन्तरयामी चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 27 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। 28 अक्टूबर को नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। इस मामले में दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
Total Downloads: 465
पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को गणेशपुर गांव के पास ध्रुवगंज-अम्भो जाने वाली पक्की सड़क के किनारे झाड़ी से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। बाद में मृतक की पहचान भागलपुर जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के जमुनिया निवासी गौरव कुमार, पिता गोपाल प्रसाद चौधरी के रूप में हुई। इस संबंध में खरीक थाना कांड संख्या 154/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
जमीन की खरीद-बिक्री के पैसों को लेकर विवाद
पुलिस के मुताबिक, तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इसके बाद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में साजन चौधरी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गौरव कुमार से उसका पहले से परिचय था। गौरव जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़ा था और कुछ लोगों के पास जमीन बेचने के पैसे बकाया थे। आरोपी ने दावा किया कि इसी वजह से गौरव तनाव में रहता था।
तबीयत बिगड़ने के बाद रास्ते में मौत होने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना की रात गौरव लक्ष्मण चौधरी के घर रुका था। अगली सुबह उसकी तबीयत बिगड़ गई और सीने में दर्द होने लगा। इसके बाद उसे चारपहिया वाहन से इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के बयान में बताया गया कि कार्रवाई के डर से शव को ध्रुवगंज-अम्भो सड़क किनारे झाड़ी में फेंक दिया गया और आरोपी वहां से फरार हो गए।
मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों और आरोपियों की भूमिका से जुड़े तथ्यों की पुष्टि जांच के आधार पर की जाएगी।
