नवगछिया बस स्टैंड के पास बेकाबू कंटेनर का तांडव, तीन गाड़ियों को मारी टक्कर

नवगछिया। नवगछिया बस स्टैंड से करीब 50 मीटर पहले गुरुवार को एक तेज रफ्तार छह चक्का कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मरम्मत के लिए खड़ी गाड़ियों से टकरा गया। हादसे में तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर सड़क किनारे लगे बैरिकेड को करीब 30 मीटर तक तोड़ते हुए सर्विस रोड में जा घुसा।

जानकारी के अनुसार, कंटेनर असम के न्यू गुवाहाटी से पूर्णिया और खगड़िया होते हुए पुणे जा रहा था। नवगछिया बस स्टैंड के पास पहुंचते ही चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद कंटेनर सर्विस रोड में स्थित गैरेज के पास मरम्मत के लिए खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। अचानक हुए इस हादसे से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शी सनी कुमार ने बताया कि सर्विस रोड के किनारे दो गाड़ियां खड़ी थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर सर्विस रोड में घुस गया और तीन गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कंटेनर चालक को पकड़ लिया।

इधर, प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई। लोगों के अनुसार, चालक की सीट के सामने शराब की एक बोतल दिखाई दी थी। हालांकि, चालक ने शराब का सेवन किया था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति साफ हो सकेगी।

हादसे के बाद डीजल और बैरिकेड का लोहा ले जाने लगे लोग

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान कुछ लोग टूटे हुए बैरिकेड का लोहा लेकर जाने लगे। वहीं, कुछ लोग कंटेनर से डीजल निकालकर बाल्टी और डिब्बों में भरकर ले गए। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।

नवगछिया थानाध्यक्ष अरविंद राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों और चालक की स्थिति की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *