दीपावली-छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट, 1800 असामाजिक तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई

नवगछिया। दीपावली और छठ पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय के सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीओ के. परीक्षित ने की। बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में एसडीपीओ सईम रजा, भूमि सुधार उपसमाहर्ता शैलेंद्र सिंह, सभी प्रखंडों के बीडीओ, सीओ, विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

पटाखा बिक्री पर रहेगी निगरानी

दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन दस्ते को सतर्क रहने और चिकित्सा दल को तैयार रखने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना अनुज्ञप्ति पटाखा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं, शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

1800 असामाजिक तत्वों पर हुई कार्रवाई

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में करीब 1800 असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने, आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छठ घाटों पर तैनात रहेंगे आपदा मित्र

छठ पूजा को लेकर सभी बीडीओ और सीओ को अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता और जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर आपदा मित्रों की तैनाती की जाएगी, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके।

बैठक में आजाद हिंद मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव, मोही उद्दीन, पारसनाथ साहू, मुकेश राणा, मो. मोहिउद्दीन, आजाद अंसारी, शंकर सिंह अशोक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। अधिकारियों ने सभी से दीपावली और छठ पूजा के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *