नवगछिया में मानव तस्करी नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, नाबालिग को राजस्थान में बेचने के मामले में लखन सिंह गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर बीकानेर ले जाने और बेचने का आरोप, एसपी वैभव शर्मा के निर्देश पर गठित एसआईटी कर रही जांच
नवगछिया। थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर राजस्थान के बीकानेर में बेचने के मामले में नवगछिया पुलिस ने मानव तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को पुलिस ने नवगछिया के एक मकान में छापेमारी कर लखन सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस को आशंका है कि वह नाबालिग की सौदेबाजी में शामिल लोगों के संपर्क में था। उससे पूछताछ के बाद मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस के अनुसार, बीते 17 अगस्त को नाबालिग लड़की को नवगछिया रेलवे स्टेशन से ट्रेन के माध्यम से राजस्थान ले जाया गया था। आरोप है कि पारसमणि देवी उसे बीकानेर लेकर गई। वहां दो दिनों तक एक होटल में रखने के बाद उसे कल्याणपुर गांव निवासी मनफूल गोदरा को बेच दिया गया। इसके बाद नाबालिग की शादी कराई गई और पारसमणि देवी वापस लौट आई।

बीकानेर से मुक्त कराई गई नाबालिग
मामले में कार्रवाई करते हुए गोपालपुर पुलिस ने 5 नवंबर को राजस्थान के बीकानेर से नाबालिग लड़की को मुक्त कराया था। इस मामले में मनफूल गोदरा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
नाबालिग को शादी का झांसा देकर दूसरे राज्य ले जाने और कथित तौर पर बेचने के मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था। टीम का नेतृत्व एसडीपीओ सायम रजा कर रहे हैं।
जिस मकान से हुई गिरफ्तारी, वहां पहले भी हुई थी छापेमारी
पुलिस ने बताया कि जिस मकान से सोमवार को लखन सिंह को गिरफ्तार किया गया, वहां पहले भी छापेमारी के दौरान कथित अनैतिक देह व्यापार का खुलासा हुआ था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग की तस्करी में इस मकान और यहां से जुड़े लोगों की क्या भूमिका रही है।
लखन सिंह से पूछताछ के आधार पर पुलिस मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। मामले में जांच जारी है।
