तेतरी  में फरवरी 2027 में लगेगा भक्ति का महाकुंभ, जगद्गुरु रामभद्राचार्य सुनाएंगे सात दिवसीय श्रीराम कथा

22 से 28 फरवरी तक होगा भव्य आयोजन, 25 एकड़ में बनेगा विशाल कथा पंडाल; रोजाना 50 हजार से एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

📲 Download Naugachia News App

Total Downloads: 523

नवगछिया। नवगछिया के सुप्रसिद्ध तेतरी धाम में फरवरी 2027 में सनातन संस्कृति, अध्यात्म और भक्ति का विराट संगम देखने को मिलेगा। यहां 22 से 28 फरवरी 2027 तक सात दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा में पद्मविभूषण से सम्मानित जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज अपने श्रीमुख से श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं।

एनएच-31 के किनारे करीब 25 एकड़ के विशाल भूभाग में कथा स्थल और भव्य पंडाल का निर्माण कराया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, प्रतिदिन 50 हजार से एक लाख तक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

श्रीराम कथा से पहले तीन मंदिरों की होगी प्राण-प्रतिष्ठा

गुरुवार को नवगछिया के ब्रह्म बाबा स्थान स्थित एक निजी विवाह भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में अर्जुन कॉलेज के संस्थापक राजीव कुमार झा ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्य श्रीराम कथा से पहले 17 से 19 फरवरी तक तेतरी धाम में नवनिर्मित मां काली, बजरंगबली और भगवान भोलेनाथ के मंदिरों की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।

तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा समारोह जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्री रामचंद्राचार्य परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा। प्राण-प्रतिष्ठा और श्रीराम कथा के संपूर्ण आयोजन का संयोजन भी स्वामी आगमानंद जी महाराज करेंगे। इसके बाद 22 फरवरी से प्रतिदिन दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन होगा।

अर्जुन कॉलेज परिसर में ठहरेंगे जगद्गुरु रामभद्राचार्य

आयोजन समिति की ओर से जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के प्रवास और विश्राम के लिए अर्जुन कॉलेज परिसर में विशेष व्यवस्था की जा रही है। वहीं, देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए करीब एक लाख वर्गफीट क्षेत्र में विशाल आवासीय पंडाल और विश्राम गृह बनाए जाएंगे।

श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद से लेकर सुरक्षा तक की व्यवस्था

आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महाप्रसाद, शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। कथा के दौरान तेतरी के ग्रामीणों की ओर से आकर्षक मेले का भी आयोजन किया जाएगा। मेले में पारंपरिक दुकानें और बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री और राज्यपाल समेत कई दिग्गजों को आमंत्रण

राजीव कुमार झा ने बताया कि इस धार्मिक समागम में शामिल होने के लिए बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों, पड़ोसी राज्यों के जनप्रतिनिधियों और देश के प्रमुख संत-महात्माओं को आमंत्रित किया जा रहा है। आयोजन समिति इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने में जुटी है।

युवाओं को नशामुक्ति और संस्कारों से जोड़ने की पहल

आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक कथा और अनुष्ठान तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से युवा पीढ़ी को नशे की प्रवृत्ति से दूर कर भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन समिति ने नवगछिया अनुमंडल सहित आसपास के सभी क्षेत्रों के लोगों से इस धार्मिक महोत्सव में तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *