भागलपुर में बाबा बटेश्वरनाथ-कटरिया के बीच बनेगा रेल सह सड़क पुल, नीचे ट्रेन और ऊपर दौड़ेंगी फोरलेन गाड़ियां
प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की मंजूरी का दावा, बिहार सरकार और एनएच प्राधिकरण मिलकर उठाएंगे सड़क निर्माण का आधा-आधा खर्च; नवगछिया से कुरसेला-कटिहार तक कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार
भागलपुर। भागलपुर और नवगछिया समेत बिहार-झारखंड के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ऐतिहासिक बाबा बटेश्वरनाथ स्थान और कटरिया के बीच प्रस्तावित रेलवे पुल अब रेल सह सड़क पुल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के तहत पुल के निचले हिस्से में रेलवे लाइन और उसके ऊपर फोरलेन सड़क का निर्माण होगा। इससे गंगा और कोसी क्षेत्र के बीच आवागमन की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।
देवघर से गोड्डा होते हुए नवगछिया और भागलपुर के अंतीचक गांव तक प्रस्तावित रेल संपर्क परियोजना को अब सड़क पुल से भी जोड़ने की योजना है। गोड्डा के भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर लंबे समय से प्रयास कर रहे थे।

नीचे रेलवे लाइन और ऊपर बनेगी फोरलेन सड़क
सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस महत्वपूर्ण योजना को मंजूरी दी है। उन्होंने इसे अपने गृह जिले भागलपुर, गोड्डा संसदीय क्षेत्र और पैतृक गांव अंतीचक के लिए ऐतिहासिक सौगात बताया।
उन्होंने कहा कि रेल मंत्री से लगातार इस परियोजना को रेल सह सड़क पुल के रूप में विकसित करने की मांग की जा रही थी। अब प्रस्तावित डिजाइन के अनुसार पुल के नीचे रेलवे ट्रैक और उसके ऊपर फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) जल्द तैयार की जाएगी।
बिहार सरकार और एनएच प्राधिकरण उठाएंगे आधा-आधा खर्च
इस परियोजना के सड़क निर्माण वाले हिस्से के वित्तपोषण को लेकर केंद्र और बिहार सरकार के बीच सहमति बनने की जानकारी दी गई है। इसके तहत सड़क निर्माण पर होने वाले कुल खर्च का 50 प्रतिशत बिहार सरकार और शेष 50 प्रतिशत नेशनल हाईवे प्राधिकरण (एनएचएआई) वहन करेगा।
सांसद के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस योजना को तत्काल अंगीकार करते हुए अपनी सहमति प्रदान की है। डॉ. निशिकांत दुबे ने मुख्यमंत्री के सहयोग और त्वरित निर्णय के लिए उनका आभार जताया है।
विक्रमशिला विश्वविद्यालय से कुरसेला-कटिहार तक जुड़ेगा फोरलेन
इस परियोजना के पूरा होने पर क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को बड़ा विस्तार मिलेगा। प्रस्तावित फोरलेन मार्ग को शिवनारायणपुर से जोड़ने की भी योजना है। इसके बाद यह मार्ग प्रस्तावित विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय और प्राचीन विक्रमशिला खुदाई स्थल होते हुए सीधे कुरसेला-कटिहार तक पहुंचेगा।
सांसद ने बताया कि गंगा नदी पर मुंगेर, मोकामा, सुल्तानगंज, भागलपुर, साहिबगंज और मालदा में पुल बन चुके हैं या निर्माणाधीन हैं। ऐसे में बाबा बटेश्वरनाथ स्थान से कटरिया-कुरसेला के बीच रेल सह सड़क पुल का निर्माण इस पूरे क्षेत्र के परिवहन नेटवर्क को और मजबूत करेगा।
नवगछिया, कोसी और गंगा के किसानों को होगा बड़ा फायदा
रेल सह सड़क पुल बनने से बिहार और झारखंड के बीच आवागमन आसान होने के साथ-साथ नेपाल सीमा तक संपर्क बेहतर होगा। इससे क्षेत्रीय और सीमावर्ती व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ कोसी और गंगा के दियारा क्षेत्र के किसानों को मिल सकता है। नवगछिया सहित आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर केला, मक्का, मिर्च, कलई, मूंग और मसूर की खेती होती है। बेहतर सड़क संपर्क मिलने से किसानों को अपनी उपज दूसरे राज्यों और बड़ी मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी। इससे परिवहन खर्च कम होने और कृषि उत्पादों के बेहतर बाजार मिलने की संभावना है।
इस रेल सह सड़क पुल के निर्माण से भागलपुर, नवगछिया, गोड्डा और कटिहार समेत आसपास के क्षेत्रों में विकास, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद जताई जा रही है
