इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध टूटने के मामले में बड़ी कार्रवाई, तीन अभियंताओं की वेतन वृद्धि पर रोक

20 अगस्त 2024 को स्पर संख्या 7 और 8 के बीच क्षतिग्रस्त हुआ था तटबंध, विभागीय जांच में कार्यपालक, सहायक और कनीय अभियंता की लापरवाही प्रमाणित

📲 Download Naugachia News App

Total Downloads: 523

नवगछिया। वर्ष 2024 में गंगा नदी के कटाव के कारण इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध क्षतिग्रस्त होने के मामले में जल संसाधन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में लापरवाही प्रमाणित होने के बाद बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, नवगछिया में तत्कालीन समय में पदस्थापित तीन अभियंताओं पर कार्रवाई की गई है। इनमें तत्कालीन कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार, सहायक अभियंता अमितेष कुमार और कनीय अभियंता अंबिका साह शामिल हैं। विभाग ने तीनों अभियंताओं के एक वेतन वृद्धि पर रोक लगाने का दंड दिया है।

इस संबंध में जल संसाधन विभाग की ओर से बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण, कटिहार स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय को पत्र उपलब्ध कराया गया है।

गश्ती और निगरानी में लापरवाही से क्षतिग्रस्त हुआ था तटबंध

जानकारी के अनुसार, गंगा नदी के बाएं तट पर स्थित इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध के स्पर संख्या 7 और स्पर संख्या 8 के बीच 20 अगस्त 2024 को तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया था। विभागीय जांच में सामने आया कि तटबंध की सतत निगरानी और चौकसी में लापरवाही बरती गई थी। अभियंताओं की जिम्मेदारी के बावजूद नियमित गश्ती और निरीक्षण में शिथिलता पाई गई।

तीनों अभियंताओं से मांगा गया था जवाब

मामले में तीनों अभियंताओं को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए आरोप पत्र गठित किया गया था। इसके बाद उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया। विभागीय जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर उनकी लापरवाही प्रमाणित होने पर वेतन वृद्धि रोकने का दंड दिया गया।

तटबंध सुरक्षा में लापरवाही पर विभाग ने जताई थी सख्ती

विभागीय निर्देश के अनुसार, तटबंधों की सुरक्षा के लिए संबंधित अभियंताओं को नियमित और गहन निरीक्षण करना था। खासकर सीपेज, पाइपिंग और कटाव जैसी समस्याओं की पहचान कर समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था।

कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता को बाढ़ की आपात स्थिति में पूरी तरह चौकस रहने और अपनी जिम्मेदारियों का समर्पित भाव से निर्वहन करने को कहा गया था। निर्देश में स्पष्ट किया गया था कि तटबंधों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को सरकार गंभीरता से लेगी। इसके बावजूद गश्ती और निगरानी में लापरवाही सामने आने के बाद विभाग ने तीनों अभियंताओं के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *