नवगछिया में नाबालिग युवती से सामूहिक दुष्कर्म, डायल-112 की मदद से बची पीड़िता; एक युवक गिरफ्तार, किशोर निरुद्ध
कटिहार स्टेशन पर छह महीने पहले हुई थी आरोपित किशोर से मुलाकात, दीपावली पर मिर्जापुर से युवती को बुलाकर सुनसान बासा पर ले जाने का आरोप; एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 11 नवंबर की रात की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक (किशोर) को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया है। घटनास्थल से एफएसएल की टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।
छह महीने पहले कटिहार स्टेशन पर हुई थी मुलाकात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करीब छह महीने पहले कटिहार रेलवे स्टेशन पर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की रहने वाली नाबालिग युवती की मुलाकात आरोपित किशोर से हुई थी। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को मोबाइल नंबर दिया और बातचीत शुरू हो गई। बाद में दोनों ने नवगछिया के एक मंदिर में शादी भी कर ली थी।

इस मामले में पूर्व में गोपालपुर थाना पुलिस ने दोनों को पकड़ा था। नाबालिग होने के कारण युवती को बाल सुधार गृह भेजा गया था, जबकि किशोर को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद छोड़ दिया गया था। बाद में किशोर एक छड़ कंपनी में काम करने लगा और युवती अपने परिजनों की मदद से बाल सुधार गृह से बाहर आने के बाद मिर्जापुर स्थित अपने घर चली गई थी।
मिर्जापुर से नवगछिया बुलाकर सुनसान बासा पर ले जाने का आरोप
बताया जाता है कि लगातार फोन पर बातचीत और दबाव के बाद दीपावली के दौरान किशोर अपने गांव लौटा। इसके बाद उसने युवती को मिर्जापुर से ट्रेन के माध्यम से नवगछिया स्टेशन बुलाया। स्टेशन पहुंचने पर किशोर अपने एक दोस्त और पूर्व में शादी कराने में सहयोग करने वाले अपने जीजा के साथ टोटो से युवती को गांव की ओर ले गया।
आरोप है कि युवती को घर ले जाने के बजाय गांव के एक सुनसान बासा पर ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िता बेहोश हो गई।
होश आने पर डायल-112 को किया फोन
कुछ देर बाद होश आने पर पीड़िता ने देखा कि एक युवक फिर से उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास कर रहा है। इसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर अपने मोबाइल फोन से डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब तीन बजे डायल-112 को सूचना मिली कि दो युवकों ने एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया।
एक आरोपित गिरफ्तार, किशोर निरुद्ध; एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और घटना में शामिल एक युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दूसरे आरोपित विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।
घटना के बाद रंगरा थाना पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान कई आपत्तिजनक सामान और महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
