भागलपुर के लॉज में नवगछिया के 23 वर्षीय युवक का शव फंदे से मिला, प्रतियोगी परीक्षा की कर रहा था तैयारी
महाराज घाट स्थित मनीष लॉज की घटना, दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचे परिजन; मायागंज अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
भागलपुर। भागलपुर के महाराज घाट स्थित मनीष लॉज में सोमवार को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 23 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान नवगछिया प्रखंड के परबत्ता थाना क्षेत्र निवासी रौशन कुमार के रूप में हुई है। वह पवन यादव का पुत्र था। रौशन भागलपुर में किराये के कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो रौशन फंदे से लटका मिला। इसके बाद आनन-फानन में उसे मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां शाम करीब 7:40 बजे पहुंचाया गया। हालांकि, उसे बचाया नहीं जा सका।

बहन के फोन के बाद मौके पर पहुंचे ममेरे भाई
मृतक के ममेरे भाई जानू कुमार ने बताया कि रौशन की बहन ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी। सूचना मिलने के बाद वह मनीष लॉज पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर रौशन फंदे से लटका हुआ मिला। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
छठ पर गांव आया था रौशन, अचानक लौट गया था भागलपुर
बरारी थानाध्यक्ष विकास कुमार के अनुसार, रौशन के कमरे के बगल में रहने वाले एक साथी ने बताया कि उसने पिछली रात रौशन के साथ खाना खाया था। वह छठ पर्व पर गांव गया हुआ था, लेकिन अचानक वापस भागलपुर लौट आया था। इसके बाद कमरे में यह घटना हुई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था रौशन
रौशन अपने परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई छठ पर्व को लेकर गांव गया हुआ था। घटना की सूचना मिलने के बाद माता-पिता भी भागलपुर पहुंचने के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार के लोगों को घटना की जानकारी मिलने के बाद घर में मातम पसरा हुआ है।
एफएसएल टीम करेगी घटनास्थल की जांच
प्रशासन के अनुसार, मनीष लॉज से शाम करीब 6:15 बजे घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर जांच कराने की बात कही गई है। फिलहाल पुलिस परिजनों के पहुंचने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा, जिसके बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जाया जाएगा।
