नवगछिया: गोली लगने से घायल पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह की इलाज के दौरान मौत, इलाके में शोक
नवगछिया: कदवा थाना क्षेत्र के खैरपुर में गोली लगने से घायल पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह की बुधवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर हालत में उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही खैरपुर और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब पांच बजे अजय कुमार सिंह अपने घर से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए दो अपराधियों ने उन पर गोलीबारी कर दी। इस घटना में उन्हें दो गोलियां लगी थीं। एक गोली शरीर को छूकर निकल गई थी, जबकि दूसरी गोली उनकी पीठ में लगी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अजय कुमार सिंह को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर किया गया था।

पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसका संबंध कदवा थाना क्षेत्र में पूर्व में हुई खोखा सिंह के बेटे ज्योतिष कुमार की हत्या से हो सकता है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने इलाके में छापेमारी शुरू कर दी थी। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया था। इनमें खोखा सिंह का छोटा बेटा आशीष कुमार और उसका भतीजा मोहन शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह की मौत के बाद खैरपुर सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

