तेतरी के गुदरिया स्थान के पास छिनतई कर भाग रहे थे बदमाश, पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दबोचा; पल्सर बाइक और मोबाइल बरामद

📲 Download Naugachia News App

Total Downloads: 534

नवगछिया। थाना क्षेत्र में महिलाओं के कान की बाली छीनने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छिनतई की कई घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के अभिया गांव निवासी चंचल कुमार और डिमाहा गांव निवासी दीवाना कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से पल्सर-160 बाइक और मोबाइल बरामद किया है। गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

नवगछिया थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले भी महिलाओं को निशाना बनाकर कान की बाली छीनने की घटनाओं में शामिल रहे हैं। दुर्गापूजा के दौरान मेला देखकर लौट रही एक युवती से लक्ष्मीपुर चौक के पास कान की बाली छीन ली गई थी। इसके बाद 2 नवंबर को नवगछिया बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही जमुनिया की एक महिला को बदमाशों ने गुदरिया स्थान के पास अंधेरे का फायदा उठाकर निशाना बनाया था।

थानाध्यक्ष के अनुसार, सोमवार 16 नवंबर को भी नवगछिया बाजार से खरीदारी कर पति के साथ बाइक से घर लौट रही एक महिला के साथ तेतरी स्थित गुदरिया स्थान के पास छिनतई की घटना हुई। बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला के कान की बाली छीन ली और उन्हें बाइक से नीचे गिरा दिया।

घटना के बाद बदमाश भागने लगे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही पुलिस की गश्ती गाड़ी पर उनकी नजर पड़ गई। पुलिस को देखकर एक बदमाश बाइक मोड़कर भागने लगा, जबकि दूसरा खेत की ओर भाग गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बाइक चालक चंचल कुमार को पकड़ लिया। बाद में पुलिस ने उसके दूसरे साथी दीवाना कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कान की बाली छीनने वाला यह गिरोह केवल नवगछिया क्षेत्र में सक्रिय था या इसके तार दूसरे जिलों और इलाकों से भी जुड़े हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *