बिहार के मौसम पर चक्रवात अकवान का असर, 21 और 22 नवंबर को भागलपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार
पटना/नवगछिया: बंगाल की खाड़ी में बने गंभीर चक्रवाती तूफान अकवान का आंशिक असर बिहार के मौसम पर भी देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से 21 और 22 नवंबर को बिहार के कई जिलों में हल्की और छिटपुट बारिश होने की संभावना है। इसमें भागलपुर, नवगछिया सहित दक्षिण-पूर्व बिहार के जिले शामिल हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के वैज्ञानिक डॉ. आनंद शंकर के अनुसार, चक्रवात उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से टकराने का अनुमान है। इसके प्रभाव से बिहार के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है।
21 नवंबर को भागलपुर समेत इन जिलों में बारिश

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 21 नवंबर को दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
वहीं, दक्षिण-पूर्व बिहार के जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर जिले में भी छिटपुट बारिश होने की संभावना है। इससे नवगछिया और आसपास के इलाकों में भी मौसम प्रभावित हो सकता है।
22 नवंबर को पांच जिलों में बारिश के आसार
22 नवंबर को केवल दक्षिण-पूर्व बिहार के जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर जिले में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है। दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम बिहार में 24 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
अभी कड़ाके की ठंड के लिए करना होगा इंतजार
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों तक अधिकतम तापमान और अगले तीन से चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में फिलहाल कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार नहीं हैं।
पटना में अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

