नवगछिया में महिला के कान की बाली छीनकर भाग रहे दो आरोपित गिरफ्तार, बाइक बरामद
नवगछिया: नवगछिया थाना पुलिस ने महिला के कान की बाली छिनतई के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के अभियागाछी टोला निवासी चंचल कुमार और दीवाना उर्फ डब्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मामले के वादी पंकज कुमार ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर बताया था कि वह अपनी पत्नी के साथ नवगछिया बाजार से बिहपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेतरी के गुदरिया स्थान के समीप दो मोटरसाइकिल पर सवार चार लोगों ने उनकी पत्नी के कान की बाली छीन ली और भागने लगे।
इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही नवगछिया थाना की पुलिस टीम की नजर आरोपितों पर पड़ी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित चंचल कुमार को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अन्य आरोपित छीनी गई बाली लेकर फरार होने में सफल रहे।

इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार चंचल कुमार से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपित दीवाना उर्फ डब्लू को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

