अतिक्रमण और शादी की खरीदारी से नवगछिया में महाजाम, नौ घंटे तक सड़कों पर थमे रहे वाहन; दो एंबुलेंस भी फंसी
नवगछिया। शादी-विवाह के मौसम में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ और सड़कों के किनारे अतिक्रमण के कारण सोमवार को नवगछिया में भीषण जाम लगा रहा। नवगछिया बाजार की मुख्य सड़क, स्टेशन रोड, हड़िया पट्टी, थाना रोड और दुर्गा मंदिर रोड पर सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। वहीं, एनएच-31 पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम का एक प्रमुख कारण बाजार की सड़कों पर बढ़ता अतिक्रमण रहा। दुर्गा मंदिर रोड में दुर्गा मंदिर के आगे से लेकर पूरी सड़क के दोनों किनारों पर दुकानें लगाई गई थीं। दुकानदारों द्वारा सड़क के हिस्से पर दुकान लगाने के कारण आवागमन के लिए जगह कम पड़ गई थी। ऐसे में खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों और वाहनों की भीड़ ने जाम की स्थिति को और गंभीर बना दिया।
बाजार निवासी मनोज पांडे ने बताया कि दुर्गा मंदिर के ठीक सामने सड़क के दोनों किनारों पर बड़ी संख्या में दुकानें लगाई जाती हैं। इससे दिनभर जाम की समस्या बनी रहती है। अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों को निकलने में काफी परेशानी होती है।

एनएच-31 पर भी लगी वाहनों की लंबी कतार
नवगछिया बाजार के साथ एनएच-31 पर भी जाम का व्यापक असर देखने को मिला। तेतरी जीरोमाइल से मकंदपुर और रंगरा तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाजार में खरीदारी करने आए लोगों के वाहनों का दबाव और सड़क पर अव्यवस्थित आवागमन जाम की परेशानी बढ़ाता रहा। इस दौरान दो एंबुलेंस भी घंटों जाम में फंसी रहीं।
अतिक्रमण हटाने की जरूरत
नवगछिया में बार-बार लगने वाले जाम की समस्या से निजात पाने के लिए बाजार की सड़कों से अतिक्रमण हटाना जरूरी है। खासकर दुर्गा मंदिर रोड सहित प्रमुख बाजार मार्गों पर सड़क किनारे दुकान लगाने पर रोक और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की जरूरत है। शादी-विवाह और त्योहारों के मौसम में अतिरिक्त ट्रैफिक व्यवस्था नहीं होने से जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।

