नवगछिया: शादी में बिना बुलाए घर में घुसकर करने लगे डांस, विरोध पर पांच लोगों से मारपीट
नवगछिया। रामनगर गांव में शादी समारोह के दौरान बिना आमंत्रण घर में घुसकर डांस करने और इसका विरोध करने पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। मारपीट की घटना में पांच लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान राजोति देवी, मीना देवी, आकाश कुमार, रिंकी देवी और मुकेश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
घटना को लेकर घायल राजोति देवी ने गांव के ही अमर कुमार, कंचन महतो, राहुल कुमार, प्रकाश महतो, सनी कुमार और दिनेश महतो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि शादी समारोह में बिना बुलाए घर में घुसकर डांस किया जा रहा था। विरोध करने पर आरोपितों ने मारपीट शुरू कर दी, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

