तुलसीपुर में जमीन विवाद को लेकर आधी रात हंगामा, जेसीबी से चारदीवारी तोड़ने और फायरिंग का आरोप
नवगछिया। खरीक थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर 27 नवंबर की आधी रात जमकर हंगामा हुआ। पीड़ितों ने आधा दर्जन नामजद और करीब 10 अज्ञात लोगों पर जेसीबी से चारदीवारी और गेट तोड़ने, निर्माण सामग्री को नुकसान पहुंचाने और फायरिंग करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर सुंदर लाल राय, गौतम कुमार और रोशन पोद्दार ने खरीक थाना और एसपी नवगछिया को आवेदन देकर कार्रवाई तथा जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, रात करीब 12 बजे आरोपित जेसीबी, टेम्पो और बाइक से हथियार लेकर विवादित जमीन पर पहुंचे। आरोप है कि सबसे पहले लोहे का गेट तोड़ा गया। इसके बाद जेसीबी से करीब नौ फीट ऊंची चारदीवारी गिरा दी गई। पीड़ितों ने मौके पर रखी मिक्सर मशीन, सीमेंट के पैकेट और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।
आवेदन में उमेश राय पर राइफल से गोली चलाने और जान से मारने की नीयत से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, फायरिंग और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पीड़ितों के मुताबिक, जमीन विवाद को लेकर एसडीएम नवगछिया की अदालत में मामला चल रहा था। 30 अक्टूबर 2026 को अदालत ने उनके पक्ष में आदेश दिया था। उनका आरोप है कि इसके बावजूद आरोपितों ने रात में जेसीबी से चारदीवारी और गेट तोड़ दिया।
पीड़ितों ने मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। खरीक थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि आवेदन मिला है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी

