भागलपुर : विक्रमशिला पुल पर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था के बीच तेजी से सड़क निर्माण चल रहा है। मंगलवार को सिर्फ एक घंटा जाम लगा और इन सबके बीच सात सौ मीटर सड़क बनी। एजेंसी का दावा है कि पुल पर जाम नहीं लगे तो छह से सात दिनों के अंदर एक लेयर सड़क बनाने का काम पूरा हो जाएगा।
Total Downloads: 119
पहले लेयर के ऊपर मैस्टिक बैठाया जाएगा, जो सड़क का ऊपरी लेयर होगा। करीब 4.70 किलोमीटर मैस्टिक बैठाने में तीन माह से अधिक का वक्त लगेगा। इस दौरान भी वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था ही रखनी होगी। सड़क के ऊपर मैस्टिक चढ़ाने के बाद पूरी सड़क वाटर प्रूफ हो जाएगा और कभी जलजमाव की समस्या नहीं आएगी। इससे सड़क को नुकसान भी कम से कम होगा।
बारी-बारी से छोड़ी जाती हैं गाड़ियां
मंगलवार सुबह आठ बजे से नौ बजे तक पुल पर जाम की वजह से सड़क निर्माण के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री समय पर नहीं पहुंच सकी। इसलिए साढ़े नौ बजे के बाद ही काम शुरू हुआ। इसके बाद दिनभर ट्रैफिक नियंत्रित रहा। पुल पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बताया कि मोबाइल पर बात करने के बाद ही एक से दूसरी तरफ गाड़ियों को छोड़ा जाता है।

सड़क बनने के बाद बदलेंगे ज्वाइंट रबर
सड़क निर्माण के बाद पुल के ज्वाइंट रबर बदले जाएंगे। इससे पुल पर झटके नहीं लगेंगे। वहीं, पुल के 61 पायों में 16 पायों की बेयरिंग बदली जा चुकी है। एजेंसी का दावा है कि अप्रैल के खत्म होते-होते 22-25 पाये पर बेयरिंग या बेयरिंग पैड बदल दिए जाएंगे। बेयरिंग बदलने के साथ-साथ पुल के किनारे की मरम्मत का काम मैस्टिक बिछाने के दौरान ही किया जाएगा।
