नवगछिया। नारायणपुर प्रखंड की बैकुंठपुर दुधैला पंचायत के कसमाबाद गांव और आसपास के चौहद्दी क्षेत्र में गंगा नदी का कटाव तेज हो गया है। मंगलवार को कटाव के कारण दो से तीन लोगों के घर गंगा में समा गए। लगातार हो रही तबाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग अपने आशियाने को बचाने के लिए खुद ही घर तोड़कर सुरक्षित स्थानों पर ले जाने को मजबूर हैं।
Total Downloads: 388
ग्रामीणों के अनुसार, गंगा का कटाव लगातार जारी है। नदी के किनारे बसे परिवारों को अपने घर और सामान की चिंता सता रही है। कटाव की रफ्तार को देखते हुए लोगों को आशंका है कि समय रहते बचाव कार्य शुरू नहीं हुआ, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
अब तक 20-25 घर कटाव की चपेट में

बैकुंठपुर दुधैला पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अरविंद कुमार मंडल ने बताया कि गांव में पिछली बाढ़ के समय से ही कटाव हो रहा है। उनके अनुसार, अब तक करीब 20 से 25 घर गंगा के कटाव में बह चुके हैं। उन्होंने इस समस्या की जानकारी नारायणपुर के अंचल अधिकारी मनीष कुमार को दे दी है।
जलस्तर घटते ही फिर तेज हुआ कटाव
इस साल गंगा का जलस्तर घटने के साथ ही कटाव शुरू हो गया था। जलस्तर बढ़ने पर कटाव की गति कुछ धीमी हुई, लेकिन पानी घटते ही कटाव फिर तेज हो गया। इसके कारण नदी किनारे बसे परिवारों के सामने सुरक्षित ठिकाने की तलाश बड़ी चुनौती बन गई है।
जांच के लिए जाएंगे अंचल अधिकारी
नारायणपुर के अंचल अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि गंगा कटाव की सूचना मिली है। वे मामले की जांच के लिए जा रहे हैं। जांच के बाद ही विस्तृत जानकारी दी जा सकेगी।
फिलहाल, ग्रामीणों को राहत और बचाव कार्य शुरू होने का इंतजार है। लोगों की मांग है कि कटाव प्रभावित क्षेत्र में जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि बचे हुए घरों और परिवारों को सुरक्षित किया जा सके।
