भागलपुर : भारतीय रेलवे बोर्ड ने धनबाद-चंद्रपुरा रेल मार्ग पर 15 जून से रेल परिचालन बंद करने का आदेश दिया है. शनिवार को उसने यह आदेश जारी किया. कोयला खनन के कारण भूमिगत आग के रेल पटरियों तक आ जाने और हादसे की आशंका के मद्देनजर यह फैसला किया गया है. यह दूसरा मौका है, जब रेल मार्ग बंद किया गया. इसके पहले 2001-02 में धनबाद-झरिया मार्ग को सदा के लिए बंद कर दिया गया था. केंद्र की तत्कालीन वाजपेयी सरकार के समय लिये गये इस फैसले का जम कर विरोध हुआ था.

धनबाद डीआरएम मनोज कृष्ण अखौरी ने बताया कि 15 जून से इस मार्ग पर सवारी, मेल-एक्सप्रेस अथवा गुड्स ट्रेनों का परिचालन नहीं किया जायेगा. रेल मार्ग बंद होने के बाद कौन सी ट्रेन किस मार्ग से चलेगी, इसका निर्णय रेलवे बोर्ड स्तर पर लिया जाना है. जो तय होगा उसका अनुपालन किया जायेगा. खबर है िक कुछ ट्रेनें रांची से भाया गोमो, तेलो होकर धनबाद तक चलायी जा सकती हैं. उम्मीद है कि सोमवार तक रेलवे बोर्ड से वैकल्पिक व्यवस्था के संबंध में निर्णय आ जायेगा.

डीजीएमएस की थी सिफारिश: झरिया मास्टर प्लान को लेकर कोयला सचिव की अध्यक्षता में गठित हाइ पावर सेंट्रल कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि धनबाद-चंद्रपुरा रेलवे मार्ग को चालू रखना खतरे से खाली नहीं है. इसके नीचे भूमिगत खदानें चल रही है, जो कि आग, गोफ व भू-धंसान की चपेट में है. इस वजह से मानव जीवन की रक्षा के लिए तत्काल इस रेलवे लाइन को बंद कर देना चाहिए.

स्थगित हो सकती हैं कुछ ट्रेनें, फैसला सोमवार को
धनबाद-चंद्रपुरा के बीच 23 जोड़ी ट्रेनों का आवागमन होता है. इन सभी ट्रेनों का परिचालन वाया गोमो संभव नहीं, क्योंकि यह लाइन बहुत व्यस्त है. अनुमान लगाया जा रहा है कि कुछ ट्रेनों को स्थगित किया जा सकता है, जबकि कुछ को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा सकता है. हालांकि इस संबंध में रेलवे बोर्ड को फैसला लेना है.

13 फरवरी 2017 को डीजीएमएस के डीजी की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें रेलवे प्रतिनिधि, सिंफर, आइआइटी (आइएसएम), बीसीसीएल व जेआरडीए के प्रतिनिधि शामिल थे. निर्णय हुआ कि सुरक्षा के लिए इस लाइन को बंद कर देना चाहिए.

22 मई 2017 को पीएमओ कार्यालय में प्रधान सचिव एन मिश्रा की अध्यक्षता में धनबाद-चंद्रपुरा (डीसी) रेलवे लाइन को लेकर बैठक हुई. इसी बैठक में रेलवे बोर्ड ने रेल परिचालन बंद करने का फैसला किया.

लोगों को होगी परेशानी
धनबाद-चंद्रपुरा के बीच 11 हॉल्ट-स्टेशनों के करीब पांच लाख लोग होंगे प्रभावित.
संबंधित हॉल्ट-स्टेशनों के लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए धनबाद या गोमो जाना होगा.
ट्रेन परिचालन की वैकल्पिक व्यवस्था के बारे में रेलवे बोर्ड सोमवार को लेगा फैसला.
रेल लाइन शिफ्ट करने का भी हो सकता है विकल्प, पर स्थिति स्पष्ट नहीं
कोल ट्रांसपोर्टिंग के लिए बीसीसीएल को भी वैकल्पिक व्यवस्था के बारे में सोचना होगा.
इस फैसले से रेलवे के राजस्व पर खासा असर पड़ने का अनुमान है.
रेल टिकट बिक्री और कोल ट्रांसपोर्टिंग में कमी आयेगी.

रांची से जुड़ी अधिकांश ट्रेनें प्रभावित होंगी
1. हावड़ा-रांची शताब्दी एक्सप्रेस
2. धनबाद-एलेप्पी एक्सप्रेस
3. हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्स
4. हटिया-गोरखपुर मौर्य एक्सप
5. रांची-भागलपुर वनांचल एक्स
6. रांची-भागलपुर एक्सप्रेस
7. हटिया-पटना पाटलिपुत्र एक्स
8. रांची- कामाख्या एक्सप्रेस
9. रांची-दुमका इंटरसिटी
10. रांची-जलपाइगुड़ी इंटरसिटी
11.कोलकाता-अहमदाबाद एक्स
12. रांची-जयनगर एक्सप्रेस
13. रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस
14. दरभंगा-सिकंदराबाद एक्स
15. रांची-हावड़ा इंटरसिटी
16. मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस
17. कोलकाता-अजमेर एक्सप्रेस
18. हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस
19 . धनबाद-रांची इंटरसिटी
20. धनबाद-चंद्रपुरा पैसेंजर
21. धनबाद-झारग्राम मेमू
22. धनबाद-मुरी पैसेंजर
23 . धनबाद-गड़बेता पैसेंजर

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *