पटना : जेपी सेतु के उद्घाटन के साथ ही इस पर हादसों की भी शुुरुआत हो गई है। दीघा एवं सोनपुर की तरफ लिंक रोड एवं पुल पर आधा दर्जन हादसों में इतनी ही संख्या में लोगों की मौत हो चुकी है। अबतक हुए हादसों में एक प्रमुख कारण पुल पर सेल्फी लेना भी रहा है। हादसों के बाद जागे प्रशासन ने शनिवार से पुल पर कम्युनिटी पुलिस की तैनाती कर दी।
Total Downloads: 84
शनिवार को कम्युनिटी ट्रैफिक पुलिस पटना, कम्युनिटी ट्रैफिक पुलिस सोनपुर, पटना यातायात पुलिस के सहयोग से मोटरसाइकिल चलाने वालों एवं सेल्फी लेने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। एनसीसी के ब्रिगेडियर आरबी सिंह, एसपी यातायात पटना के नेतृत्व में इसकी शुरुआत हुई। यह अभियान अगले दस दिनों तक सुबह 8:00 से रात 8:00 बजे तक चलेगा।
हेलमेट पहन या जुर्माना देकर ही पुल पार करने की अनुमति

बिना हेलमेट के वाहन चलाने वालों या इसमें पीछे बैठने वालों को पुल पार करने की अनुमति नहीं दी गई। 600 रुपये का न्यूनतम जुर्माना लेने के बाद पुल से जाने दिया गया। शनिवार शाम 4:30 बजे तक 71 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। सैकड़ों बिना हेलमेट वाले वाहनों को पुल पार नहीं करने दिया गया।
सेतु के बीच में भी सादे लिबास में पुलिस की तैनाती की गई थी। वे सारी गतिविधियों पर ध्यान रख रहे थे। अगर पुल के बीच में कोई सेल्फी ले रहा था तो उसकी जानकारी पुल के छोर पर तैनात पुलिस बल को कर रहे थे।
पुल पर एहतियातन कई जगहों पर ‘नो सेल्फी जोन’ के होर्डिंग के बोर्ड भी लगाए गए थे। जो व्यक्ति सेल्फी लेते हुए पकड़े गए उनसे 600 रुपया जुर्माना लिया गया।

