नवगछिया : मंगलवार को नवगछिया अनुमंडल सभागार में नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी डॉक्टर आदित्य प्रकाश के नेतृत्व में 15 अगस्त को लेकर बैठक आयोजित की गयी. बैठक के दौरान एसडीओ ने कहा कि 15 अगस्त को सुबह झंडोतोलन के बाद दिन के दो बजे से चार बजे तक फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा. उसके बाद जीते हुए खिलाड़ियों को सर्टिफिकेट भी दिया जायेगा.
Total Downloads: 78
शाम 5 बजे से सात बजकर 30 मिनट तक मारवाड़ी धर्मशाला में स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. सांस्कृतिक कार्यक्रम में नवगछिया के सावित्री पब्लिक स्कूल, बाल भारती स्कूल, प्रसिडेंसी पब्लिक स्कूल के साथ अन्य स्कूलों के बच्चे भाग लेंगे.

बैठक में आये पदाधिकारियों को एसडीओ द्वारा नवगछिया अनुमंडल के साथ साथ नवगछिया कारा, पुलिस लाइन, नवगछिया आदर्श थाना, गोशाला समेत कई जगहों पर पर झंडोतोलन के लिए दिशानिर्देश दिया गया. झंडोतोलन के दौरान राष्ट्रगान गाने के लिए रूंगटा कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं का चयन किया गया है. पैरेड के लिए जी बी कॉलेज से स्काउट गाइड का चयन किया गया है. इसके अलावा एसडीओ ने कहा कि 15 अगस्त के दिन अनुमंडल में झंडोतोलन कार्यक्रम के दौरान ताइक्वांडो खिलाड़ी जेम्स, 10वी टॉपर पल्लवी के साथ अनुमंडल के कई लोगों को सम्मानित भी किया जायेगा. बैठक के दौरान डीसीएलआर सुरेंद्र कुमार अलबेला, लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विपिन कुमार राय, कार्यपालक अभियंता राम विलास दास, अंचलाधिकारी उदय कृष्ण यादव, बीडीओ राजीव रंजन, अनुमंडल अस्पताल डीएस बीपी राय समेत कई लोग मौजूद थे.

