नवगछिया  : नवगछिया स्थित मदन अहल्या महिला महाविद्यालय के दो कर्मियों के घर एक ही दिन एक ही अंदाज में अज्ञात चोरों ने लाखों का माल साफ कर दिया है. दोनों छठ पर्व में अपने पैतृक आवास गये हुए थे. घर पर कोई नहीं था और इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने अपना हाथ साफ कर लिया. चोरी प्रोफेसर कॉलोनी निवासी डिमोस्ट्रेटर देवेंद्र प्रसाद शर्मा और नवगछिया के ही गोशाला रोड निवासी डा मीना कुमारी के घर हुई है. गृहस्वामियों का कहना कि दोनों के घरों में गुरूवार को देर रात ही चोरी की गयी और दोनों के घरों में चोर वेंटिलेशन को तोड़ कर दाखिल हुए और विभिन्न कमरों में घुस कर ताला तोड़ कर चोरी कर ली है.

देवेंद्र शर्मा ने बताया कि 22 अक्तूबर को वे अपने पूरे परिवार के साथ अपने पैतृक गांव रंगरा के तीनटंगा गये थे. घर में कोई नहीं था लेकिन उन लोगों ने घर में ताला लगा दिया था. शुक्रवार को जब वे अपने परिवार के साथ नवगछिया के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित अपने आवास पर आये तो देखा कि सभी कमरों का ताला टूटा हुआ है और एक वेंटिलेशन भी टूटा हुआ है. उनके घरों के गोदरेज और आलमीरा का भी ताला टूटा हुआ था. श्री शर्मा ने कहा कि कुल मिलाकर चोरों ने उनके घर से 12 भर सोने के जेवरात जिसमें पांच भर का नेकलेस, चार सेट कनबाली, कान के टाप्स तीन सेट, नाक का दश, तीन अंगूठी, दो लॉकेट और चार चांदी के पायल और पांच हजार की नकदी, एक टेबलेट, डिजीटल कैमरा, एक पुराना नोकिया और अन्य सामग्रियों की चोरी कर ली है. श्री शर्मा ने कहा कि उन्हें करीब पांच लाख की क्षति हुई है. इधर डा मीना कुमारी ने कहा कि उनके घर से चोरों ने 15 हजार की नकदी, तीन सोने का मंगल सूत्र, एक सोने का चेन, एक अंगूठी, सोने के तीन टॉप्स, एक डायमंड का नकबेसर, सोनी कंपनी का एक लैपटॉप, पेन ड्राइव समेत अन्य सामानों की चोरी अज्ञात चोरों ने कर ली.

श्री मति मीना का कहना है कि चोरी हो जाने से उन्हें करीब छ: लाख की क्षति हुई है. डा मीना डा प्रेमशीला शरण के अखिल प्रेम निवास नामक मकान में किराये पर रहती थी. छठ पर्व के अवसर पर वह अपने पूरे परिवार के साथ प्रोफेसर कॉलोनी गयी हुई थी. जब लौट कर किराये के मकान में आयी तो उसके होश उड़ गये. इधर मदन अहल्या कॉलेज के ही दोनों कर्मियों के घर एक ही अंदाज में एक ही दिन हुई चोरी पर लोग आश्चर्य चकित हैं. लोगों को यह भी शक है कि हो सकता है कि चोरों का गिरोह महाविद्यालय के इर्द गिर्द का ही हो.

कहते हैं एसडीपीओ

नवगछिया के एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन ने कहा कि दोनों चोरी की घटनाओं का उदभेदन कर चोरों को तत्काल गिरफ्तार किया जायेगा. पुलिस मामले की जाँच कर रही है |

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *