भागलपुर: अपनी मर्जी से शादी करने वाले प्रेमी जोड़े के घरवाले ही दुश्मन बन बैठे हैं. पहले तो अपहरण के झूठे केस में फंसाया और अब लड़की के पिता लड़के के परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. प्रेमी युगल ने जिले के एसपी निशांत तिवारी से फरियाद लगाकर जान की सुरक्षा की गुहार लगाई है.
Total Downloads: 116
पढ़ी लिखी ग्रेजुएट प्रेरणा को सातवीं पास कारोबारी अमन से मोहब्बत हो गया और मां-बाप की मर्जी के खिलाफ घर से भागकर दोनों ने पटना में आर्यसमाज मंदिर में हिन्दू रिति-रिवाज से शादी कर ली. दोनोें के पास वैध शादी के प्रमाण भी हैं.
प्रेरणा का कहना है कि उसके पिता और चाचा अमन के परिवार के जान के दुश्मन बने हुए हैं. पिता कुन्दन सिंह ने पति अमन, ससुर कौशल सिंह, सास और नन्द के खिलाफ आलमनगर थाना में अपहरण का केस दर्ज कराया है और साथ ही वो लोग लड़के के परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं.


प्रेमी अमन का कहना है कि वे दोनों बालिग हैं और पिछले छह महीने से एक दूसरे से प्रेम करते हैं. दोनों ने विधिवत शादी रचाई है. वहीं अमन के पिता कौशल सिंह की माने तो शादी के बाद से वे लोग खौफ के साये में जी रहे हैं. लड़की के घरवालों ने झूठा अपहरण का केस कर दिया है. एक तरफ गिरफ्तारी का डर है तो दूसरी तरफ लड़की के पिता और चाचा जान के दुश्मन बन गए हैं.
सदर एसडीपीओ राजकुमार साह ने कहा कि इस मामले को परिवार परामर्श केन्द्र को सौंप दिया गया है. उन्होंने कहा कि अगर लड़का और लड़की बालिग हैं तो कानून उन्हें मर्जी से शादी रचाने की इजाजत देता है.
