जहाज घाट पर क्रूज के ओवरलोड संचालन का वीडियो वायरल, डीएम ने 8 अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण

नवगछिया। नाव एवं क्रूज के सुचारू और सुरक्षित संचालन तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए जहाज घाट पर तैनात मजिस्ट्रेटों की निगरानी में लापरवाही का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए क्रूज में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को सवार किए जाने की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।

मामले में डीएम अलंकृता पांडेय ने कार्य में लापरवाही बरतने पर आठ अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर जवाब देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही स्पष्टीकरण स्वीकृत होने तक एक दिन का वेतन रोकने का आदेश भी दिया गया है।

जिन अधिकारियों से जवाब मांगा गया है, उनमें खरीक मनरेगा पीओ राकेश कुमार, नवगछिया के कार्यपालक अभियंता रवींद्र कुमार शर्मा, सहायक निदेशक अगम श्रीवास्तव, जिला खेल पदाधिकारी शमीम अंसारी, भागलपुर के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी प्रवीण कुमार एवं सुभाष कुमार, नवगछिया बीएओ राघव कुमार और इस्माईलपुर बीपीआरओ आलोक कुमार शामिल हैं।

निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने का आरोप

डीएम की ओर से जारी स्पष्टीकरण पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित वीडियो के माध्यम से यह जानकारी सामने आई कि निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को सवार कर ओवरलोड क्रूज का संचालन किया जा रहा है।

इसके अलावा यह भी सूचना मिली कि क्रूज के किनारे लगने से पहले ही संचालकों द्वारा उसका रैंप खोल दिया जाता है। प्रशासन ने इसे यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत गंभीर माना है।

हादसा होने पर हो सकती है बड़ी क्षति

डीएम ने स्पष्टीकरण में कहा है कि यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और क्रूज के सफल संचालन के लिए प्रतिनियुक्त अधिकारियों का सतत पर्यवेक्षण आवश्यक था। लेकिन सामने आई परिस्थितियों से प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि अधिकारियों ने अपने निर्धारित पर्यवेक्षणीय दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं किया।

प्रशासन के अनुसार इसी लापरवाही के कारण क्रूज के ओवरलोड परिचालन जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई। ऐसी परिस्थिति में किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर जान-माल की गंभीर क्षति की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।

डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद जहाज घाट पर क्रूज संचालन और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी और सख्त होने की उम्मीद है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

deneme bonusu