पटना। आर्थिक तंगी से जूझ रहे शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। सदन में बिहार के शिक्षा विभाग के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि एक महीने के अंदर सभी शिक्षकों का बकाया वेतन जारी कर दिया जाएगा। वेतन मद में पैसे जारी किए गए हैं जहां नहीं मिली है वहां इसकी समीक्षा भी की जाएगी।
शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन वर्मा की अनुपस्थिति में प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने सदन में सवालों का जवाब देते हुए कहा कि सभी स्तर के शिक्षकों के वेतन भुगतान के लिए सरकार की तरफ से फंड निर्गत किए गए हैं। फिर भी अगर किसी जिले में शिक्षकों को समय पर वेतन नहीं मिला है, तो इस मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी। विभागीय स्तर पर समीक्षा कर एक महीने के अंदर सभी शिक्षकों का बकाया वेतन जारी कर दिया जायेगा।

श्रवण कुमार ने कहा कि कि 2017-18 में अब तक 27 हजार आठ करोड़ रुपये की मंजूरी सरकार ने दी है। आगे भी पांच हजार 76 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि कभी कभी प्रक्रिया में समय लग जाता है जिससे वेतन भुगतान में देरी हो जाती है।
गुरुवार को जैसे ही सदन की कार्यवाही शिक्षा विभाग के सवालों की झड़ी लग गयी। इस दौरान शिक्षकों को वेतन समय पर नहीं मिलने समेत अन्य मामलों पर जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सदस्यों ने सरकार को घेरा। बता दें कि शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन वर्मा इन दिनों जहानाबाद चुनाव में व्यस्त हैं।


