नवगछिया थाना क्षेत्र के धोबिनिया में रविवार को रामनवमी के मौके पर गांव के महंत स्थान में ध्वजा चढ़ा रहे लोगों पर एक फौजी देवराज उर्फ धन्ना यादव ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बीच-बचाव करने आए गांव के नीलकमल कुमार पिता मनोज यादव को भी उसने गोली मार दी।

छाती में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल नीलकमल को ग्रामीणों ने अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। नीलकमल की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया है। गोलीबारी के कारण मची भगदड़ में खुशबू देवी पति दिनेश यादव सहित कई महिलाएं घायल हो गईं।

गोलीबारी करने के बाद फौजी धन्ना फरार हो गया है। ग्रामीणों के बयान पर पुलिस ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घायल ने बताया कि फौजी देवराज उर्फ धन्ना यादव गांव में अपने आपको बॉस समझता है। देव स्थान में रामनवमी की पूजा हो रही थी। इसी दौरान धन्ना यादव ने आकर कहा कि मैं यहां का बॉस हूं, मेरी अनुमति के बिना कोई पूजा नहीं करेगा। इतना कहने के साथ ही उसने अंधाधुंध गोली चलानी शुरू कर दी, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।

धन्ना के साथ आये संजीत यादव, छोटेलाल यादव, रामशरण यादव, आर्मी जवान तूफानी यादव, अम्बष्ट यादव, बेचन यादव, रंजीत यादव, नवीन यादव, संतोष यादव ने भी लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फौजी ने अशोक यादव के घर पर चढ़कर गोली चलाई। ग्रामीणों के अनुसार गांव में वर्चस्व की लड़ाई में गोलीबारी हुई है। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से सात खोखे मिले।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *