पटना के फुलवारीशरीफ स्थित शिविर मंडल कारा को तोड़कर वहां आतंकियों, माओवादियों व दुर्दांत अपराधियों के सुरक्षित संसीमन के लिए उच्च सुरक्षा वाली जेल (हाइ सिक्युरिटी जेल) के निर्माण के स्वीकृत्यादेश को रद कर दिया गया है। अब उच्च सुरक्षा वाली यह जेल पटना भागलपुर अवस्थित केंद्रीय कारा परिसर में बनेगी। गृह विभाग ने मंगलवार को इस आशय का आदेश जारी कर दिया है।
बता दें कि विगत फरवरी में राज्य सरकार ने फुलवारीशरीफ स्थित शिविर मंडल कारा को तोड़कर वहां हाई सिक्योरिटी जेल का निर्माण कराने का फैसला लिया था। इसके लिए राज्य सरकार ने 56 करोड़, 72 लाख रुपये की स्वीकृति भी प्रदान कर दी थी।

बाद में पाया गया कि शिविर मंडल कारा, फुलवारीशरीफ के निकट घनी आबादी के बढऩे से भविष्य के दृष्टिकोण से उच्च सुरक्षा वाले इस कारा की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। ऐसे में सरकार ने इतनी धनराशि से आतंकियों, माओवादियों व दुर्दांत अपराधियों के लिए उच्च सुरक्षा वाले जेल का निर्माण भागलपुर केंद्रीय कारा परिसर के अंदर कराने का फैसला लिया है।


