विक्रमशिला पुल पर बुधवार सुबह आठ बजे से 24 घंटे वन-वे ट्रैफिक रहेगा। पुल पर एक्सपेंशन ज्वाइंट को बदला जाना है जिस वजह से अगले 30-40 दिनों तक वन-वे ट्रैफिक की व्यवस्था रहेगी। इसको लेकर लोगों को ज्यादा परेशानी न हो इसके लिए पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। पुल पर आठ-आठ घंटों के लिए तीन शिफ्ट में पुलिस पदाधिकारी और जवानों की ड्यूटी लगायी गयी है।
पुल पर वन-वे ट्रैफिक के दौरान वाहनों को सुचारू रूप से परिचालन को लेकर 24 पुलिस पदाधिकारी/जवानों की तैनाती की गई है जिनमें तीन पदाधिकारी और 21 जवान शामिल हैं। एक पदाधिकारी और सात जवानों की ड्यूटी एक शिफ्ट में लगायी गयी है। इनके अलावा टीओपी प्रभारी और जवानों को भी ट्रैफिक पर नजर रखने को कहा गया है। जहां भी जरुरत होगी टीओपी के पदाधिकारी और जवान पहुंच जायेंगे।

पुल पर वन-वे ट्रैफिक के दौरान जाम न लगे और लोगों को ज्यादा परेशानी न हो इसके लिए दोनों तरफ से 15 से 20 मिनट के अंतराल पर वाहनों को निकाले जाने की व्यवस्था रहेगी। इस व्यवस्था के अलावा इस बात का भी ध्यान रखा जायेगा कि एक तरफ ज्यादा वाहनों की कतार न लगे। अगर किसी एक तरफ वाहनों की कतार जल्दी लग जायेगी तो वाहनों को निकाले जाने के समय के अंतराल को कम भी कर दिया जायेगा।


