नवगछिया : नवगछिया पुलिस ने कोसी नदी में बह कर जा रही एक 20 से 25 वर्षीय महिला की लाश को रंगरा ओपी क्षेत्र के जहांगीरपुर वैसी के पास से कोसी नदी से बरामद किया है. पुलिस ने जिस समय शव को बरामद किया था तो महिला का शव लाल रंग की छिटदार एक साड़ी में लिपटा हुआ था. महिला उजल मटमैला रंग सलवार, काला रंग का ब्लाउज एवं दोनो हाथ मे बाला पहने हुई थी. जानकारी के अनुसार युवती का शव कोसी नदी में बाबा विशु राउत पुल के पास काम कर रहे लोगों ने नदी में देखा था.
नदी में लाश को देख वहां पर काम कर रहे लोगों ने इसकी सूचना नवगछिया एसपी निधि रानी को दोपहर एक बजे के आसपास दी. ग्रामीणों की सूचना पर नवगछिया एसपी निधि रानी ने नवगछिया थाना अध्यक्ष सत्येंद्र प्रसाद सिंह को विजय घाट के पास कोसी नदी के किनारे भेजा. एसपी के निर्देश पर जबतक पुलिस विजय घाट पहुंची. लाश नदी की धारा में बहते हुए आगे बढ़ चुकी थी. इसके बाद पुलिस ने नाव से कोसी नदी में शव की तलाश करते हुए आगे बढ़ी.

तलाश के दौरान नवगछिया पुलिस ने शव को रंगरा ओपी थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर वैसी के पास कोसी नदी से बरामद किया. शव की बरामदगी के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया. महिला के शव का पोस्टमार्टम शनिवार को होगा. नवगछिया थाना अध्यक्ष सत्येंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि महिला की मौत 3 से 4 दिन पहले हुई है. पानी में शव रहने के कारण पूरा शरीर फूल गया है और लाश से बदबू भी आ रही है.
महिला की मौत कैसे हुई है यह स्पष्ट यह नहीं हो पा रहा. महिला के शव की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस शव की शिनाख्त के लिए प्रयासरत है. आसपास के थानों में भी शव की शिनाख्त के लिए महिला की फोटो को भेजा गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. ऐसी चर्चा हो रही है कि किसी ने महिला की हत्या के बाद शव को नवगछिया लाकर बाबा विशू राउत पुल से नदी में फेंक दिया. लाश फूलने के बाद बाहर आई तो लोगों ने देखा. थानाध्यक्ष कहते हैं कि पुलिस हर बिंदू पर जांच कर रही है.


