पटना के एक डॉक्‍टर को फेसबुक पर चैटिंग महंगी पड़ी है। एक युवती ने उन्‍हें फेसबुक पर फ्रेंड बना चैटिंग की और अब वह कथित तौर पर चैट को डॉक्‍टर की पत्‍नी को दिखाने की धमकी देकर 25 लाख रुपये मांग रही है। डॉक्‍टर के अनुसार चैटिंग के कंटेंट में छेड़छाड़ कर उसे आपत्तिजनक बना उन्‍हें ब्‍लैकमेल किया जा रहा है। मामला अब पुलिस के पास है।

मिली जानकारी के अनुसार नालंदा मेडिकल कॉलेज के फार्माकोलॉजी विभाग में सहायक प्राध्यापक डॉ. महेश्वर प्रसाद को ब्लैकमेल कर जान मारने की धमकी देने और 25 लाख रुपया मांगने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। डॉक्‍टर ने अगमकुआं थाने में प्राथमिकी दर्ज करा पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार पांडे ने बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

जानिए, क्‍या है मामला

डॉ. महेश्वर प्रसाद ने बताया कि मई 2018 से फोन कर ब्लैकमेल कर धमकी देते हुए 25 लाख रुपये की मांग की जा रही है। मोबाइल से फोन करने वाले अपने को कभी माया कुमारी सिंह, कभी डॉ. अनन्या राव, कभी अनुष्का सिंह तथा कभी मिथिलेश सिंह बता रहे थे। डॉक्‍टर के अनुसार माया कुमारी सिंह व मिथिलेश सिंह पति-पत्नी हैं और हैदराबाद के रहने वाले हैं। ए राव, अनन्या राव तथा माया सिंह के नाम से तीन फेसबुक अकाउंट हैं।

डॉक्‍टर ने बताया कि ए राव नामक फेसबुक अकाउंट से उन्‍हें फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई। डॉक्‍टर समझकर दोस्ती के अनुरोध को स्वीकार लिया। डॉक्‍टर महेश्‍वर प्रसाद ने बताया कि उन दोनों के बीच सामान्य चैटिंग होती थी, जिसमें कम्यूटर से हेराफेरी कर अशोभनीय बनाकर उसका स्क्रीन शॉट भेजा। फिर, उसने धमकी दी कि इस स्क्रीन शॉट को उनकी पत्नी एवं रिश्तेदारों को भेजकर सामाजिक प्रतिष्ठा का हनन कर देगी। अगर बचना है तो 25 लाख रुपये दीजिए।

डॉक्‍टर के अनुसार मोबाइल धारक ने तीन और नंबर पर बात करने और रुपये कहां और कैसे देने हैं, यह तय करने को कहा। बार-बार मोबाइल धारक के धमकी भरे फोन आने से वे काफी डरे हैं। डॉ. महेश्वर प्रसाद की पत्नी भी डॉक्टर हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *